Kullu News: भुट्टिको बुनकरों को बड़ी राहत, 10% मजदूरी बढ़ोतरी का फैसला
मजदूरी में 10% वृद्धि से हजारों बुनकरों को राहत
Himachal Today Tv.
कुल्लू। प्रदेश की प्रसिद्ध Bhuttico Weavers Cooperative Society की प्रबंधन समिति की बैठक सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री Thakur Satya Prakash की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बुनकरों, सदस्यों और कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसले लिए गए। इस अवसर पर अध्यक्ष ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि इन फैसलों से न केवल बुनकरों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे भुट्टिको के व्यवसाय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी और संस्था नई ऊंचाइयों को छुएगी।
मजदूरी में 10% वृद्धि से हजारों बुनकरों को राहत
प्रेस सचिव ओपी काका ने जानकारी देते हुए बताया कि सभा से जुड़े हजारों बुनकरों के लिए 1 अप्रैल 2026 से मजदूरी में 10 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी गई है। इस निर्णय से घाटी के बुनकरों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read More: Shimla News: CM सुक्खू का 62वां जन्मदिन, हरित संदेश के साथ विकास का संकल्प
इसके अलावा, संस्था में कार्यरत 15 कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया, जबकि 22 कर्मचारियों को एक ही पद पर आठ वर्ष की सेवा पूरी करने पर विशेष वेतन वृद्धि देने का निर्णय लिया गया। यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और उनकी कार्यक्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जयंती समारोह मनाने का निर्णय
बैठक में वर्ष 2024-25 के ऑडिट नोट पर भी विस्तार से चर्चा कर उसे अनुमोदित किया गया। साथ ही, ठाकुर वेद राम अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
भुट्टिको प्रबंधन समिति ने हैंडलूम एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और वूल एवं वूलन एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की सदस्यता नवीनीकरण का भी फैसला लिया, जिससे संस्था के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है।
बैठक में सभी सदस्यों ने भाग लिया और संस्था के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में अध्यक्ष ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। ---डोला राम की रिपोर्ट।
Read More: Shimla News: सरैन संस्कृत महाविद्यालय में ‘परीक्षा पे चर्चा’ व विशेष कक्षाएं, शिक्षा को नई दिशा
