Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Shimla News: चियोग में 5.50 करोड़ से बनेगा स्कूल भवन, 16 करोड़ से 66 केवी सब-स्टेशन: सीएम सुक्खू

चियोग शिमला में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

Shimla News: चियोग में 5.50 करोड़ से बनेगा स्कूल भवन, 16 करोड़ से 66 केवी सब-स्टेशन: सीएम सुक्खू


सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला जिला के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के चियोग में जनसभा को संबोधित करते हुए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, चियोग के नए भवन निर्माण के लिए 5.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही अगले सत्र से इस स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने का ऐलान किया।

Himachal Today Tv.

शिमला (कसुम्पटी)।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 66 केवी सब-स्टेशन की स्थापना हेतु 16 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने एफआरए के तहत स्वीकृत विभिन्न सड़कों—बंगापानी से चडैल, चियोग से जठाई, धलैऊ से जनुनाला, चियोग से मेहाना, धलैऊ से धार, फागू से सरिवन और जुब्बड़ से कढरब—के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। इसके अलावा धरेच सिंचाई परियोजना के लिए भी धन मुहैया करवाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है और प्रदेश में 151 सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 30 जून तक सभी सीबीएसई स्कूलों में विषयवार शिक्षक उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।

भाजपा पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति करता है, लेकिन वर्तमान सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि ग्रीन पंचायतें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। धरेच में स्थापित 500 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इससे पंचायत को हर वर्ष लगभग 14 लाख रुपये की आय होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ योजना के तहत अनाथ बच्चों को अपनाया है। वहीं, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत विधवाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च सरकार वहन कर रही है।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। 

Read More: Shimla News: हिमाचल में नगर निगम और पंचायत चुनाव का ऐलान, आचार संहिता लागू

Read More:  Kullu News: भुट्टीको शमशी में ठाकुर वेद राम जयंती पर अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह, महान विभूतियां सम्मानित


Post a Comment

0 Comments