Kullu News: Kulle News: भुट्टिको का 86वां अधिवेशन: 13.49 करोड़ की बिक्री, बुनकरों को 10% बढ़ी दरें
भुट्टिको का 86वां अधिवेशन संपन्न, 13.49 करोड़ की बिक्री के साथ बुनकरों के लिए राहत के फैसले
Himachal Today Tv
हिमाचल प्रदेश, (कुल्लू)।
देश की अग्रणी भुट्टिको बुनकर सहकारी सभा का 86वां साधारण अधिवेशन रविवार को पूर्व बागवानी मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में बड़ी संख्या में बुनकर सदस्यों ने भाग लिया।
सभा की कार्यवाहक मुख्य महाप्रबंधक सुरती देवी ने वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों और 2025-26 की वार्षिक योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि संस्था लगातार उत्पादन और विपणन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
अध्यक्ष ठाकुर सत्य प्रकाश ने बताया कि इस वर्ष सभा ने 13.49 करोड़ रुपये के उत्पादों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 26 लाख रुपये अधिक है। उन्होंने कर्मचारियों और बुनकरों के योगदान की सराहना करते हुए 15 कर्मचारियों को पदोन्नति, 10 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने और बुनकरों की बुनाई दरों में 10 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि संस्था जल्द ही आनी में नया शोरूम खोलेगी। साथ ही बिक्री बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। घाटे में चल रहे शोरूमों को बंद करने पर भी विचार किया जा रहा है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए स्थानीय ऊन और वूल ब्लेंड से किफायती उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
अध्यक्ष ने बताया कि निदेशक मंडल, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि सहकारिता, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता को मजबूत किया जा सके। इसके लिए विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी और व्यय सहकारी शिक्षा कोष से वहन किया जाएगा।
अधिवेशन में 338 सदस्यों में से 166 की उपस्थिति दर्ज हुई। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग, निदेशक मंडल के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और बुनकर सदस्य मौजूद रहे।
अंत में ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि भुट्टिको केवल एक संस्था नहीं, बल्कि कुल्लू की सांस्कृतिक पहचान और हजारों बुनकर परिवारों की आजीविका का आधार है। उन्होंने बताया कि भुट्टिको के उत्पादों को जीआई टैग मिलने से कुल्लवी विरासत को नई पहचान मिली है। साथ ही युवाओं से पारंपरिक बुनाई कार्य से जुड़ने का आह्वान किया।--- डोला सिंह महंत की रिपोर्ट।
Read More: Shimla News: चियोग में 5.50 करोड़ से बनेगा स्कूल भवन, 16 करोड़ से 66 केवी सब-स्टेशन: सीएम सुक्खू
Raed More: Shimla News: हिमाचल में नगर निगम और पंचायत चुनाव का ऐलान, आचार संहिता लागू

0 Comments