Mandi News; मंडी के राहला-रोपा जंगल में भीषण आग, 20 हेक्टेयर वन क्षेत्र राख; डोगरा रेजिमेंट ने बचाई आबादी
Himachal Today Tv
मंडी (थलोट/झलोगी)।
मंडी वन मंडल के राहला-रोपा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगी आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आकर करीब 20 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर नष्ट हो गया, जिससे करोड़ों रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती हुई रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी थी, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया। इसी बीच झलोगी (थलोट) स्थित डोगरा रेजिमेंट 133 ईको टास्क फोर्स के जवान मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया।
नायब सूबेदार जिंदू राम के नेतृत्व में जवानों ने जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पा लिया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यदि जवान समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो आग रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच सकती थी, जिससे घरों और खेतों को भी भारी नुकसान होता। लोगों ने सेना के जवानों की तत्परता और साहस की सराहना की।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग से बड़े क्षेत्र में वन संपदा को नुकसान हुआ है, हालांकि समय रहते नियंत्रण होने से वन्यजीवों और आसपास की आबादी को सुरक्षित बचा लिया गया।
डोगरा रेजिमेंट की ईको टास्क फोर्स द्वारा दिखाया गया साहस और सेवा भाव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे संकट की घड़ी में बड़ी राहत बताते हुए जवानों को “देवदूत” करार दिया है।
Read More: Shimla News: हिमाचल में नगर निगम और पंचायत चुनाव का ऐलान, आचार संहिता लागू
Read More: 30 जून तक CBSE स्कूलों में पूरी होगी शिक्षकों की भर्ती, हिमकेयर घोटाले की जांच के आदेश


0 Comments