Bhutti News: भुट्टी कॉलोनी शमशी में डॉ. बलवंत राय मेहता की 127वीं जयंती, पंचायत सशक्तिकरण पर जोर
Himachal Today Tv.
कुल्लू जिला मुख्यालय, 20 फरवरी।
भुट्टी कॉलोनी शमशी स्थित सत्य प्रेम भवन में अखिल भारतीय पंचायत परिषद के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. बलवंत राय मेहता की 127वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
समारोह में अखिल भारतीय पंचायत परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व बागवान मंत्री ठाकुर सत्य प्रकाश विशेष रूप से मौजूद रहे। महासचिव किशन ठाकुर ने पंचायत राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। वक्फ बोर्ड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुलजार मुहम्मद भारती ने पंचायती राज व्यवस्था को जनभावनाओं और संवैधानिक अधिकारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने संबोधन में ठाकुर सत्य प्रकाश ने कहा कि पंचायतों का दायित्व केवल क्षेत्रीय विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने डॉ. बलवंत राय मेहता को पंचायती राज विचारधारा का युगपुरुष बताते हुए उनके विकेंद्रीकरण के प्रयासों को याद किया। उन्होंने वर्तमान संदर्भ में नरेंद्र मोदी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पंचायत संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर पंचायती राज को मजबूती देने में योगदान देने वाले नेताओं — जयप्रकाश नारायण, जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों को भी याद किया गया। विशेष रूप से राजीव गांधी द्वारा पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा दिलाने के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में हिमाचल प्रदेश राज्य पंचायत परिषद की अध्यक्षा प्रेमलता ठाकुर ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान ईशरा देवी, हर्षा ठाकुर, किशन ठाकुर, चन्द्र बल्लभ नेगी, नीरज ठाकुर, सेना पाल शर्मा, पवना ठाकुर, रामदेई, ओम चंद, रमेश ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ...डोला राम महंत की रिपोर्ट।

0 Comments