Total Mandi News: मंडी-15 अक्तूबर। जिला मंडी से चार खास समाचार
भाजपा कर रही आत्मनिर्भर भारत संकल्प 2047 साकारः राकेश जमवाल
सुंदरनगर डीएवी विद्यालय की छात्राओं ने टैलेंटेक्सः 2025 में किया बेहतर प्रदर्शन
बीएसएल परियोजना के खेल प्रतियोगिता में शतरंज में संजीव प्रथम
मंडी/15 अक्तूबर। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत आज मत्स्य पालन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा मंडी जिले में नदीय मत्स्य पालन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 80 से 100 मिलीमीटर लंबाई वाली लगभग 1.33 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। संचयन का कार्य मंडी की विभिन्न जलधाराओं में स्वदेशी प्रजातियों जैसे रोहू, मृगल के संरक्षण व उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।मंडी की नदियों में अल्सु फार्म की 1.33 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन
अलसेड़ खड्ड, चक्कर ब्रिज के नीचे सुकेती खड्ड, और व्यास नदी मंडी में छोड़ी अंगुलिकायं
सहायक निदेशक मत्स्य मंडल मंडी नीतू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के तहत जडोल क्षेत्र की अलसेड़ खड्ड में 16,000, चक्कर ब्रिज के नीचे सुकेती खड्ड में 29,000 और व्यास नदी मंडी में 88,000 अंगुलिकायं छोड़ी गईं। यह संचयन कार्य मत्स्य मंडल मंडी द्वारा गुरुवार को किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत जडोल की प्रधान अमरावती, वार्ड सदस्य रवि कुमार, कॉर्प फार्म अल्सू के मत्स्य अधिकारी राकेश कुमार, विभागीय कर्मचारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इन अंगुलिकाओं का उत्पादन सरकारी कॉर्प बीज फार्म अल्सू में किया गया था।
मत्स्य व्यवसाय से जुड़े मछुआरों की आय में वृद्धि कार्यक्रम
श्रीमती नीतू सिंह ने कहा कि मत्स्य अंगुलिकाओं के संचयन का मुख्य उद्देश्य नदीय मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाना है ताकि मत्स्य व्यवसाय से जुड़े मछुआरों की आय में वृद्धि हो सके। इस कार्यक्रम से स्थानीय जल स्रोतों में स्वदेशी प्रजातियों की पुनःस्थापना होगी, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और जैव विविधता के संरक्षण में सहायता मिलेगी।
नदीय मत्स्य संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग का प्रयास है कि मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मत्स्य पालक वर्ग की आजीविका और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाया जा सके। नदीय मत्स्य संसाधनों के संरक्षण की दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
---000---
भाजपा कर रही आत्मनिर्भर भारत संकल्प 2047 साकारः राकेश जमवाल
सुंदरनगर/ मंडी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश जमवाल ने सुंदरनगर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार केवल वादों और खोखले भाषणों तक सीमित रही है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने विकसित भारत का रोडमैप धरातल पर उतारकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि जो काम 70 साल में नहीं हुआ, वह भाजपा ने दस वर्षों में कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान देश को 2047 तक विकसित भारत बनने जा रहा है। भाजपा का यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह नए भारत के निर्माण का सामाजिक आंदोलन है।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के अर्थ की चर्चा करते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, नवाचार, कृषि और औद्योगिक विकास के माध्यम से सम्पूर्ण राष्ट्र की सशक्तीकरण प्रक्रिया है। मोदी सरकार ने बीते एक दशक में ऐसे कई सुधार किए हैं जिनसे देश की आर्थिक नींव मजबूत हुई है और आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाएं जैसे मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, वोकल फॉर लोकल और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना इसी सोच का परिणाम हैं। इन योजनाओं ने गांव-गांव में युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को सशक्त बनाया है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आहवान किया है। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता सीमा ठाकुर ने भी संबोधित किया है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा सहित पदाधिकारी शामिल रहे।
![]() |
सुंदरनगर भाजपा कार्यलय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते प्रदेश प्रवक्ता राकेश जमवाल। |
सुंदरनगर डीएवी विद्यालय की छात्राओं ने टैलेंटेक्सः 2025 में किया बेहतर प्रदर्शन
सुंदरनगर/मंडी। सुंदरनगर डीएवी विद्यालय की छात्राओं ने टैलेंटेक्सः 2025 में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की मेधावी छात्राएँ : कक्षा पांचवी में अनिका, छठी में सरन्या, कीर्ति कौंडल सातवीं, मानवी ठाकुर नौवीं तथा कक्षा दसवीं में नलिनी ने अपनी - अपनी कक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मेडल प्राप्त किए। इन समस्त छात्राओं ने उत्कृष्ट रैंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
गौर हो कि छात्र जीवन में प्रतियोगी परीक्षाएँ न केवल ज्ञान की परीक्षा होती हैं, बल्कि यह छात्रों के आत्मविश्वास, परिश्रम और लगन का भी मूल्यांकन करती हैं। ऐसे ही अवसर प्रदान करने और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से एलेन कैरियर इंस्टीट्यूट इस टैलेंटेक्स परीक्षा का आयोजन करता है। यह परीक्षा विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास, तार्किक चिंतन और विषयगत समझ को परखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित चुघ ने बच्चों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एलेन संस्थान के घोषित परिणामों में विद्यालय के इन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की यह सफलता उनके परिश्रम, एकाग्रता और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। इन होनहार छात्राओं को मेडल देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]() |
टैलेंटेक्सः 2025 में बेहतर प्रदर्शन कर मेडल अर्जित करने पर सुंदरनगर डीएवी विद्यालय की छात्राओं को सम्मानित करते प्रधानाचार्य मोहित चुघ। |
...000...
बीएसएल परियोजना के खेल प्रतियोगिता में शतरंज में संजीव प्रथम
सुंदरनगर/ मंडी। सुंदरनगर बीएसएल स्पोर्टस कमेटी के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय शतरंज, कैरम और बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। समापन समारोह की अध्यक्षता सदस्य सिंचाई, बीबीएमबी, चण्डीगढ़, इंजी. बिजेन्द्र सिंह नारा ने की और में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक जन सम्पर्क अधिकारी अशोक शुक्ला ने कहा कि शतरंज में संजीव कुमार प्रथम और भूपेश वशिष्ट द्वितीय, कैरम में अश्विनी कुमार प्रथम और कुमार सुधीर द्वितीय, बैडमिंटन सिंगल्स में अश्विनी कुमार प्रथम और गुलशन मान द्वितीय, बैडमिंटन डबल्स में कुमार सुधीर और अश्विनी कुमार प्रथम तथा विवेक और पंकज द्वितीय तथा महिला बैडमिंटन सिंगल्स में किरन प्रथम और रेखा द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर उपमुख्य अभियन्ता इंजी. के. एस. ठाकुर, अधीक्षण अभियन्ता एवं अध्यक्ष बीएसएल स्पोर्टस कमेटी इंजी. अजय पाल सिंह, वरिष्ठ कार्यकारी अभियन्ता एवं सचिव बीएसएल स्पोर्टस कमेटी इंजी. गुलशन मान तथा परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुएै।
बीबीएमबी सुंदरनगर बीएसएल स्पोर्टस कमेटी के खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते मुख्याथिति सदस्य सिंचाई और अधिकारी।
Read More:
यह भी पढेंः- हिमालय नीति अभियान : देश पर भारी पड़ सकती है लद्दाख पर लापरवाही- समाधान तालाशे सरकार
यह भी पढेंः- Larji Dam-लारजी बांध से 28 सितम्बर को छोड़ा जाएगा पानी, व्यास नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट
यह भी पढेंः- Kullu News: इंदु पटियाल बोलीं, विकास ने ही रचा विनाश का तांडव
0 Comments